Tuesday, July 21

बदमाश संजीव उर्फ ‘मौत’ एनकाउंटर में घायल, नोएडा- अलीगढ़ पुलिस के लिए बना सिरदर्द

ग्रेटर नोएडा: नोएडा के थाना ईकोटेक-3 क्षेत्र में शुक्रवार रात पुलिस और अंतर्राज्यीय बदमाश संजीव उर्फ सनी उर्फ रॉकी उर्फ ‘मौत’ के बीच एनकाउंटर हुआ। मुठभेड़ में बदमाश के पैर में गोली लगी और उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।

पुलिस के मुताबिक, थाना ईकोटेक-3 टीम जलपुरा बिजली घर के पास संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक होंडा सिटी कार आती दिखाई दी। पुलिस ने रुकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने गाड़ी नहीं रोकी और भागने की कोशिश की। रास्ते में गाड़ी फंस गई और खुद को घिरा देख बदमाश ने पुलिस पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग की। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई में गोली चलाई, जिसमें बदमाश घायल हो गया।

हाथरस का रहने वाला शातिर अपराधी
घायल बदमाश की पहचान हाथरस जिले के सासनी थाना क्षेत्र के तिलोटी गांव का रहने वाला संजीव के रूप में हुई। उसके कब्जे से चोरी की एक होंडा सिटी कार, सोने की चेन, दीवार घड़ी, कपड़े और मेकअप किट बरामद की गई। इसके अलावा उसके पास से एक अवैध .315 बोर तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस भी मिला।

लंबा आपराधिक इतिहास
एडीसीपी सेन्ट्रल नोएडा आरके गौतम ने बताया कि संजीव पुलिस के लिए लंबे समय से सिरदर्द बना हुआ था। उसके ऊपर नोएडा और अलीगढ़ के थानों में चोरी, लूट और एनडीपीएस एक्ट के कुल 27 मुकदमे दर्ज हैं। सूरजपुर, ईकोटेक-3 और अलीगढ़ के कई थानों की पुलिस को लंबे समय से उसकी तलाश थी। एडीसीपी ने बताया कि पुलिस संजीव के अन्य आपराधिक कृत्यों की भी जांच कर रही है।

This slideshow requires JavaScript.

Leave a Reply

This slideshow requires JavaScript.