Tuesday, July 21

‘आपके शब्दों में थी नैतिक शक्ति’, पीएम मोदी ने सदानंदन मास्टर के राज्यसभा में पहले भाषण की तारीफ की

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्यसभा में बीजेपी के नामांकित सांसद सी. सदानंदन मास्टर के पहले भाषण की तारीफ करते हुए उन्हें पत्र लिखा। मोदी ने कहा कि उनके शब्दों में नैतिक शक्ति, दृढ़ विश्वास और आत्मविश्वास झलकता है। साथ ही उन्होंने सदानंदन के साहस, देशभक्ति और भारतीय संस्कृति के प्रति सम्मान की भी सराहना की।

पीएम मोदी ने क्या लिखा
सांसद को लिखे पत्र में प्रधानमंत्री ने कहा, “जब मैंने आपको बोलते हुए सुना, तो मुझे आपके शब्दों में नैतिक शक्ति और दृढ़ विश्वास दिखाई दिया। आप संसद में नए हैं, लेकिन देश प्रथम की विचारधारा के प्रति आपकी जीवनभर की सेवा और प्रतिबद्धता स्पष्ट है।”

सदानंदन मास्टर की प्रतिक्रिया
सदानंदन मास्टर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर प्रधानमंत्री के पत्र की तस्वीर साझा करते हुए आभार व्यक्त किया और कहा, “राज्यसभा में मेरे पहले भाषण के लिए विश्वविख्यात प्रधानमंत्री की तरफ से प्रशंसा पत्र मिलना मेरे मकसद और सेवा की भावना को बहुत ताकत देगा। मोदी जी, आपका शुक्रगुजार हूं।”

भाषण के दौरान कृत्रिम पैर दिखाना
मोदी ने पत्र में यह भी उल्लेख किया कि सदानंदन की हिम्मत केरल में सभी जानते थे, लेकिन जब उन्होंने राज्यसभा में अपने कृत्रिम पैर दिखाए, तो संसद और देश में लोग हैरान रह गए। उन्होंने कहा, “तीन दशक पहले माकपा के हमले में उन्हें दोनों पैर गंवाने पड़े थे। आज आप गर्व से संसद में बैठे हैं, जबकि पिछड़ी सोच वाली विचारधारा सिकुड़ गई है।”

देशभक्ति और केरल के प्रति समर्पण
प्रधानमंत्री ने सदानंदन के भाषण में देशभक्ति और भारतीय संस्कृति के प्रति गर्व की भी तारीफ की। उन्होंने कहा कि सदानंदन के दिल के करीब केरल का विकास है और राज्य के लोग यूडीएफ और एलडीएफ से थक चुके हैं। मोदी ने बताया कि हाल ही में पेश किए गए बजट और उसके प्रावधानों से केरल को कई क्षेत्रों में फायदा होगा।

This slideshow requires JavaScript.

Leave a Reply

This slideshow requires JavaScript.