Tuesday, July 21

कानपुर: राजा नर्सिंग होम के NICU में आग, नवजात बच्ची की जलकर मौत, परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप

कानपुर। उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले में रविवार शाम एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जब बिठूर कस्बा स्थित राजा नर्सिंग होम के एनआईसीयू (NICU) वार्ड में अचानक आग लग गई। बताया जा रहा है कि आग वॉर्मर मशीन में शॉर्ट सर्किट के कारण लगी, जिसकी चपेट में आकर एनआईसीयू में भर्ती एक नवजात बच्ची गंभीर रूप से झुलस गई। बाद में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

हादसे के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया।

ऑपरेशन से हुआ था प्रसव, कुछ ही देर बाद हादसा

जानकारी के अनुसार, बिठूर क्षेत्र के बाकरगंज निवासी किसान अरुण निषाद रविवार दोपहर करीब 2 बजे अपनी पत्नी शालू को प्रसव पीड़ा होने पर राजा नर्सिंग होम लेकर पहुंचे थे। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल प्रबंधन ने 25 हजार रुपये में ऑपरेशन कराने की बात कही।

इसके बाद शाम करीब 3:45 बजे ऑपरेशन के जरिए शालू ने एक बेटी को जन्म दिया।

परिजनों को नहीं दी गई जानकारी, सफाईकर्मी से चला पता

अरुण निषाद की बहन रितु निषाद ने आरोप लगाया कि ऑपरेशन के बाद करीब आधे घंटे तक अस्पताल स्टाफ ने परिवार को किसी तरह की कोई जानकारी नहीं दी। काफी देर बाद एक सफाईकर्मी से उन्हें पता चला कि बच्ची का जन्म हो चुका है।

इसी बीच अचानक NICU वार्ड में आग लग गई और कुछ ही मिनटों में अस्पताल में धुआं भर गया।

झुलसी हालत में मिली नवजात, फिर डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

परिजनों का कहना है कि जब उन्होंने अस्पताल स्टाफ से बच्ची के बारे में जानकारी मांगी, तो काफी देर बाद बताया गया कि नवजात NICU में आग की चपेट में आ गई है।

जब परिजनों ने बच्ची को देखा तो उसका चेहरा, छाती और पेट बुरी तरह झुलसा हुआ था। परिजनों का आरोप है कि इसके बाद अस्पताल स्टाफ ने बच्ची की हालत गंभीर बताकर उसे आनन-फानन में काकादेव स्थित चिल्ड्रेन नर्सिंग होम भेज दिया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

रितु निषाद का दावा है कि बच्ची की मौत पहले ही हो चुकी थी और वह पूरी तरह जल चुकी थी।

संचालक का मोबाइल बंद, बढ़ा परिजनों का आक्रोश

हादसे के बाद परिजनों ने बताया कि अस्पताल संचालक का मोबाइल फोन बंद मिला, जिससे उनका गुस्सा और बढ़ गया। देखते ही देखते अस्पताल में भीड़ जुट गई और हंगामा शुरू हो गया।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।

पुलिस ने लिया तहरीर, जांच शुरू

बिठूर थाना प्रभारी अशोक कुमार सरोज ने बताया कि परिजनों की ओर से तहरीर प्राप्त कर ली गई है। नवजात के शव का पंचनामा भरने के बाद मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस का कहना है कि आग लगने के कारणों और अस्पताल की भूमिका की जांच की जा रही है।

दर्दनाक हादसे ने उठाए सवाल

NICU जैसे संवेदनशील वार्ड में आग लगने की घटना ने अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। मासूम बच्ची की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। मां अपनी बच्ची को ठीक से देख भी नहीं सकी और उससे पहले ही यह दर्दनाक हादसा हो गया।

फिलहाल पुलिस और प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटा है।

This slideshow requires JavaScript.

Leave a Reply

This slideshow requires JavaScript.