Tuesday, July 21

बिहार विधानसभा के बजट सत्र में आज शामिल होंगे बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन

पटना। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार अपने गृह शहर पटना पहुंचे नितिन नवीन मंगलवार को बिहार विधानसभा के बजट सत्र में हिस्सा लेंगे। नितिन नवीन फिलहाल पटना की बांकीपुर विधानसभा सीट से विधायक भी हैं, इसी कारण वे बतौर विधायक सदन में अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे।

सूत्रों के अनुसार नितिन नवीन के मंगलवार दोपहर करीब 2 बजे बिहार विधानसभा पहुंचने की संभावना है। उनके बजट सत्र में शामिल होने को लेकर भाजपा खेमे के मंत्रियों और विधायकों में उत्साह देखा जा रहा है।

पटना पहुंचने पर हुआ जोरदार स्वागत

सोमवार को पटना पहुंचने पर नितिन नवीन का भव्य स्वागत किया गया। बिहार भाजपा की ओर से उनके सम्मान में बापू सभागार में अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया, जिसमें पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

इस दौरान उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा सहित कई नेताओं ने उनका स्वागत किया।

राजनीति में शॉर्टकट नहीं: नितिन नवीन

कार्यक्रम में संबोधन करते हुए नितिन नवीन ने कहा कि राजनीति में कोई शॉर्टकट नहीं होता, यह एक लंबा संघर्ष और निरंतर मेहनत का रास्ता है। उन्होंने कहा कि पद से पहचान मिलती है, लेकिन व्यक्ति का पुरुषार्थ ही पद की गरिमा को बढ़ाता है।

उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लाखों युवाओं को राजनीति से जोड़ने के सपने को पूरा करने के लिए सभी को मिलकर काम करना होगा।

नितिन नवीन ने कहा कि भाजपा को और आगे बढ़ाना है और 2047 के विकसित भारत के लक्ष्य को साकार करना ही पार्टी का संकल्प है।

This slideshow requires JavaScript.

Leave a Reply

This slideshow requires JavaScript.