Tuesday, July 21

अशोकनगर में बीजेपी नेता की दबंगई, युवक को लात-घूंसों से बेरहमी से पीटा; वीडियो वायरल, कांग्रेस भड़की

अशोकनगर: जिले की चंदेरी विधानसभा क्षेत्र के बड़ेरा गांव में बीजेपी नेता द्वारा एक युवक के साथ बर्बरता का मामला सामने आया है। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि बीजेपी नेता बली सिंह युवक को जमीन पर पटककर लात-घूंसों और पैरों से बेरहमी से पीट रहे हैं। घटना एक ढाबे के पीछे हुई थी।

पीड़ित बृजकिशोर ने स्थानीय थाने में शिकायत दर्ज कराई है। वीडियो की भयंकरता ऐसी है कि इसे बिना छुपाए दिखाना भी उचित नहीं माना जा रहा है।

इस वीडियो के सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद राजनीति भी गरमा गई है। कांग्रेस ने इस घटना को सत्ता के दुरुपयोग के रूप में बताया और बीजेपी नेता के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पूर्व प्रदेश महासचिव अशोक शर्मा ने कहा कि “भारतीय जनता पार्टी सत्ता के मद में है और उसके नेता लोगों के साथ अत्याचार कर रहे हैं। वायरल वीडियो की जांच कर दोषी नेता के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।”

थाने में फरियादी की शिकायत के आधार पर बीजेपी नेता बली सिंह के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है।

उल्लेखनीय है कि बली सिंह पहले भी चर्चा में रह चुके हैं। कुछ समय पहले उनका एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें वे पूर्व कांग्रेस विधायक गोपाल सिंह चौहान से यादव समाज को लेकर चर्चा करते नजर आए थे। उस वीडियो के कारण कांग्रेस नेता के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज की गई थी।

यह घटना स्थानीय लोगों और सोशल मीडिया उपयोगकर्ताओं के बीच भारी आक्रोश और चर्चा का विषय बनी हुई है।

This slideshow requires JavaScript.

Leave a Reply

This slideshow requires JavaScript.