Tuesday, July 21

सिंगरौली में रील बनाने का शौक बना जानलेवा: रिहंद डैम में नाव से गिरा युवक, अब तक नहीं मिली बॉडी

सिंगरौली: सोशल मीडिया रील बनाने के शौक ने मंगलवार को एक युवक की जान ले ली। मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र के बलियरी इलाके में रिहंद जलाशय में नाव पर खड़े होकर रील शूट कर रहे संतोष शाह अचानक पैर फिसलने से गहरे पानी में जा गिरे। तेज बहाव और तैरना न जानने के कारण वह डूब गए।

मौके पर मौजूद दोस्तों के अनुसार, वीडियो को और भी आकर्षक बनाने के चक्कर में संतोष नाव के किनारे खड़े हो गए थे। तभी उनका पैर फिसला और वह सीधे जलाशय में समा गए। वह खुद को संभालने की कोशिश करते रहे, लेकिन पानी का बहाव इतना तेज था कि कुछ ही क्षणों में उनका सुराग नहीं मिला।

युवक के दोस्त भी मदद के लिए उतरे, लेकिन उनमें से किसी को तैरना नहीं आता था, जिससे किसी को पानी में उतरने की हिम्मत नहीं हुई। आसपास के ग्रामीणों ने बचाने की कोशिश की, लेकिन तेज बहाव के कारण कोई सफल नहीं हो सका।

सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। गोताखोरों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया, लेकिन अंधेरा होने के कारण खोज अभियान रोकना पड़ा। आज सुबह फिर से जलाशय में युवक की तलाश के लिए रेस्क्यू जारी रहेगा।

इस दर्दनाक हादसे ने संतोष के परिवार में मातम फैला दिया। परिजन मौके पर पहुंचे और भावुक हो गए। संतोष अविवाहित था और अपने परिवार की मदद के लिए दूध बेचकर घर का भरण-पोषण करता था। वह अपने तीन भाई-बहनों में सबसे छोटा था।

This slideshow requires JavaScript.

Leave a Reply

This slideshow requires JavaScript.