Tuesday, July 21

एमपी बोर्ड परीक्षा का पहला दिन: जैमर से मोबाइल सिग्नल ब्लॉक, CCTV की निगरानी में हुआ पहला पेपर

अशोकनगर: मध्य प्रदेश बोर्ड की 10वीं और 12वीं की परीक्षाओं का पहला दिन 10 फरवरी से शुरू हो गया। नकल रोकने और परीक्षा व्यवस्था को पुख्ता बनाने के लिए जिले के 34 परीक्षा केंद्रों में विशेष इंतजाम किए गए हैं। प्रशासन ने संवेदनशील केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों के साथ जैमर लगाए, जिससे मोबाइल नेटवर्क बाधित रहे।

धारा 163 के तहत सुरक्षा कड़े
कलेक्टर साकेत मालवीय ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा 163 के तहत आदेश जारी किया है। इसके अनुसार, परीक्षा केंद्रों के 100 मीटर के दायरे में किसी भी बाहरी व्यक्ति का प्रवेश वर्जित है। यहां किसी भी प्रकार के हथियार, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण या धारदार वस्तुएं ले जाने पर भी पूरी रोक है। सार्वजनिक प्रदर्शन और कोई भी अवैध गतिविधि निषिद्ध है।

कलेक्टर ने लिया जायजा
परीक्षा शुरू होते ही कलेक्टर ने विभिन्न केंद्रों का दौरा कर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि केवल परीक्षार्थी और ड्यूटी पर तैनात कर्मचारी-आधिकारियों को ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति है।

कुल 18,365 छात्र-छात्राएं शामिल
इस परीक्षा में हाई स्कूल के 10,705 छात्र-छात्राएं शामिल हैं, जिनमें 9,452 नियमित और 1,253 स्वाध्यायी छात्र शामिल हैं। हाई सेकेंडरी के लिए 7,660 परीक्षार्थी उपस्थित होंगे, जिनमें 6,837 नियमित और 823 स्वाध्यायी छात्र हैं। परीक्षा केंद्रों के 100 मीटर के दायरे में मोबाइल, ब्लूटूथ और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने पर रोक है।

प्रशासन ने कहा कि इन कड़े इंतजामों के कारण परीक्षा शांतिपूर्ण और निष्पक्ष रूप से संपन्न होगी, और छात्रों को नकल या किसी अन्य अवैध गतिविधि से सुरक्षा मिलेगी।

This slideshow requires JavaScript.

Leave a Reply

This slideshow requires JavaScript.