Tuesday, July 21

बिहार: किशनगंज में राजस्व कर्मचारी 2.50 लाख की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार

किशनगंज/पटना: बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ जारी अभियान के तहत किशनगंज जिले में निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की टीम ने राजस्व कर्मचारी राजदीप पासवान को 2 लाख 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई मंगलवार को किशनगंज शहर के अभिषेक होटल के पास की गई।

जानकारी के अनुसार, खगड़ा वार्ड नंबर-22 के निवासी ओवैस अंसारी ने 30 नवंबर 2025 को निगरानी अन्वेषण ब्यूरो में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि राजदीप पासवान ने उनकी जमीन के परिमार्जन (म्यूटेशन) के लिए कुल 2 लाख 70 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की थी। सहमति के बाद उन्होंने 2 लाख 50 हजार रुपये देने पर काम करने की बात कही।

पटना से आई DSP विनोद कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में ट्रैप टीम ने सत्यापन टीम के सदस्यों की मौजूदगी में राजस्व कर्मचारी को घूस की राशि लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

इस गिरफ्तारी के बाद किशनगंज प्रशासनिक गलियारों में हड़कंप मच गया है। निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की इस कार्रवाई को राज्य में भ्रष्टाचार के खिलाफ कठोर रुख का उदाहरण बताया जा रहा है।

अधिकारियों का कहना है कि इस तरह की कार्रवाई से राज्य में निष्पक्ष प्रशासनिक व्यवस्था सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।

This slideshow requires JavaScript.

Leave a Reply

This slideshow requires JavaScript.