Tuesday, July 21

जालौन में इंस्पेक्टर ने सर्विस गन से खुद को मारी गोली, इलाज के दौरान मौत—पुलिस विभाग में सनसनी

जालौन। उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। कुठौंद थाना में तैनात इंस्पेक्टर अरुण कुमार राय ने अपने सरकारी आवास में सर्विस रिवॉल्वर से खुद को गोली मार ली। गंभीर रूप से घायल हालत में उन्हें उरई मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां करीब ढाई घंटे के उपचार के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया

गोली की आवाज सुनते ही दौड़े पुलिसकर्मी, कमरे में मिला खून से लथपथ शरीर

घटना रात लगभग 9:30 बजे की बताई जा रही है। पुलिसकर्मी जब अचानक आई गोली की आवाज सुनकर कमरे की ओर दौड़े तो सामने खून से लथपथ इंस्पेक्टर का शव पड़ा था और पास में सर्विस रिवॉल्वर पड़ी हुई थी। हादसे की सूचना मिलते ही एसपी डॉ. दुर्गेश कुमार भी मौके पर पहुंचे और निरीक्षण किया।

भंडारे कार्यक्रम से लौटने के बाद हुआ हादसा

बताया गया कि इंस्पेक्टर अरुण कुमार राय रात में पेट्रोलिंग पर निकले थे और रास्ते में एक भंडारे कार्यक्रम में भी शामिल हुए, जहां स्थानीय लोगों ने उनका सम्मान किया था। ठीक 9 बजे वे अपने सरकारी आवास लौटे, लेकिन आधे घंटे बाद ही गोली की आवाज ने सबको विचलित कर दिया।
इंस्पेक्टर मूल रूप से संतकबीर नगर के निवासी थे और वर्ष 2023 में इंस्पेक्टर के पद पर पदोन्नत हुए थे।

परिजन को दी गई सूचना, कारणों पर सस्पेंस बरकरार

घटना के बाद पुलिस ने तुरंत परिजनों को सूचना दे दी है। फिलहाल, आत्महत्या की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है और मामले की विस्तृत विवेचना के बाद ही वास्तविक कारण सामने आ पाएंगे।
इस दर्दनाक घटना ने पुलिस विभाग को भीतर तक झकझोर दिया है। सभी की नजरें अब उस जांच पर टिकी हैं, जो यह बताएगी कि आखिर एक कर्तव्यनिष्ठ अधिकारी ने ऐसा कदम क्यों उठाया।

This slideshow requires JavaScript.

Leave a Reply

This slideshow requires JavaScript.