Tuesday, July 21

राजस्थान पुलिस के ‘चक्रव्यूह’ में फंसे ड्रग्स तस्कर, सवा करोड़ की एमडी ड्रग्स बरामद

 

प्रतापगढ़: राजस्थान के पहाड़ी क्षेत्र प्रतापगढ़ जिले में पुलिस ने ऑपरेशन ‘चक्रव्यूह’ के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 1 किलो 203 ग्राम एमडी ड्रग्स के साथ तीन तस्करों को गिरफ्तार किया। इन ड्रग्स की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग सवा करोड़ रुपये आंकी गई है। वहीं, एक आरोपी जंगल की ओर भागने में सफल रहा और पुलिस उसकी तलाश कर रही है।

 

पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा:

धोलापानी थाना पुलिस और जिला विशेष टीम (डीएसटी) की संयुक्त कार्रवाई में मंगलवार को धोलापानी थानाधिकारी प्रवीण कुमार के नेतृत्व में नाकाबंदी की गई। मध्यप्रदेश नंबर की मोटरसाइकिल पर सवार शाहरूख खान और दिलावर खान पुलिस को देखकर भागने लगे, लेकिन पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया। इसी बीच एक अन्य अपाची मोटरसाइकिल आई, जिसमें पीछे बैठा सफीउल्लाह जंगल की ओर भाग गया, जबकि चालक रहीम खान को मौके पर गिरफ्तार कर लिया गया। तलाशी में रहीम खान की टी-शर्ट के नीचे छिपाई गई पॉलिथीन से 1 किलो 203 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद हुई।

 

तस्करों की साजिश का पर्दाफाश:

पूछताछ में सामने आया कि दिलावर और शाहरूख खान आगे-आगे चलकर पुलिस की गतिविधियों पर नजर रख रहे थे और स्कोटिंग के जरिए ड्रग्स की खेप सुरक्षित पहुंचाने की कोशिश कर रहे थे। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर परिवहन में प्रयुक्त दोनों मोटरसाइकिलें जब्त कर ली हैं। सभी आरोपी हथुनिया थाना क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।

 

पुलिस की टीम की भूमिका:

इस कार्रवाई में धोलापानी थानाधिकारी प्रवीण कुमार, उप निरीक्षक भंवर सिंह और डीएसटी टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। विशेष रूप से कांस्टेबल विनोद, पंकज और साइबर सेल के रमेश ने अहम योगदान दिया। पुलिस फरार आरोपी सफीउल्लाह की तलाश में लगी हुई है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि ड्रग्स की खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां सप्लाई किया जाना था।

 

 

This slideshow requires JavaScript.

Leave a Reply

This slideshow requires JavaScript.