Tuesday, July 21

सावधान! रांची में नए साल के जश्न के लिए प्रशासन अलर्ट, नशे में गाड़ी चलाने वालों की होगी सख्त कार्रवाई

 

रांची: साल 2025 की विदाई और नव वर्ष 2026 के स्वागत को लेकर राजधानी रांची पूरी तरह तैयार है। पिकनिक स्पॉट से लेकर बाजारों तक भारी भीड़ की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा और विधि-व्यवस्था के कड़े इंतजाम किए हैं।

 

बिक्री बढ़ने की संभावना:

नए साल के अवसर पर रांची में लगभग 15 हजार किलो मटन और 110 टन चिकन बिकने का अनुमान है। मटन-चिकन कारोबारियों का कहना है कि बिक्री नए साल पर पांच गुना तक बढ़ जाती है। इसके अलावा दूध, दही, पनीर और खोवा की मांग में भी 30-40 प्रतिशत वृद्धि की संभावना जताई जा रही है। व्यापारियों के अनुसार बाजार में यह मांग 30 दिसंबर से बढ़ गई है और 5 जनवरी तक बनी रहने की संभावना है।

 

सुरक्षा व्यवस्था और कानून व्यवस्था:

जिला प्रशासन ने पिकनिक स्थलों पर दंडाधिकारी और पुलिस पदाधिकारियों की विशेष प्रतिनियुक्ति की है। नशे की हालत में वाहन चलाने वालों की सघन जांच की जाएगी। ऐसे वाहनों को जब्त कर चालक को पैदल घर भेजा जाएगा और नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। रेस ड्राइविंग करने वालों के वाहन भी जब्त किए जाएंगे। महिलाओं और युवतियों से छेड़छाड़ करने वालों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी और पकड़े जाने पर तुरंत कानूनी कार्रवाई होगी।

 

जलाशयों में सुरक्षा:

जलाशयों में बोटिंग केवल लाइफ जैकेट पहनने वालों के लिए ही अनुमति होगी। बिना लाइफ जैकेट के तैराकी और जलक्रीड़ा पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगी। जलप्रपात के आसपास फिसलन और दुर्घटना रोकने के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, बुंडू ने दशम फॉल में स्थानीय गोताखोरों की व्यवस्था की है और खतरनाक स्थलों को चिन्हित कर निषेध किया गया है।

 

सदर अनुमंडल के सभी पुलिस उपाधीक्षक विभिन्न जलाशयों, डैम और तालाबों में गोताखोरों की तैनाती करेंगे और खतरनाक स्थलों पर निषेध व्यवस्था लागू करेंगे। सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी और थाना प्रभारी अपने क्षेत्रों में पिकनिक स्थलों पर समन्वय स्थापित कर सुरक्षा सुनिश्चित करेंगे।

 

 

This slideshow requires JavaScript.

Leave a Reply

This slideshow requires JavaScript.