Tuesday, July 21

भारत बनाम न्यूजीलैंड: हेड टू हेड रिकॉर्ड, किसका पलड़ा रहा भारी?

वडोदरा, 10 जनवरी 2026: टी20 विश्व कप 2026 से पहले भारतीय टीम अपनी आखिरी सीरीज खेलने को तैयार है। न्यूजीलैंड तीन वनडे और पांच टी20 मैचों की सीरीज के लिए भारत दौरे पर पहुंच चुका है। तीन वनडे मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला 11 जनवरी को बड़ौदा क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। टीम इंडिया इस सीरीज की शुरुआत जीत के साथ करने के इरादे से उतरेगी। भारतीय टीम के कप्तान शुभमन गिल होंगे, जबकि न्यूजीलैंड की कप्तानी माइकल ब्रेसवेल करेंगे।

भारत और न्यूजीलैंड का वनडे हेड टू हेड रिकॉर्ड:
अब तक दोनों टीमों के बीच कुल 120 वनडे मुकाबले खेले जा चुके हैं। भारतीय टीम का पलड़ा भारी रहा है। टीम इंडिया ने 62 मैच जीते हैं, जबकि न्यूजीलैंड को जीत मिली 50 मुकाबलों में। 1 मैच टाई रहा और 7 मैचों का कोई नतीजा नहीं निकला। पिछले छह वनडे मैचों में भारत ने लगातार जीत हासिल की है। घरेलू मैदान पर भारत ने 40 मैचों में से 31 मैच न्यूजीलैंड के खिलाफ जीते हैं। उल्लेखनीय है कि पिछले साल भारत ने न्यूजीलैंड को हराकर चैंपियंस ट्रॉफी 2025 का खिताब अपने नाम किया था।

रोहित और विराट का जलवा:
भारतीय क्रिकेट फैंस के लिए रोमांचक यह है कि मैदान पर एक बार फिर रोहित शर्मा और विराट कोहली का जलवा देखने को मिलेगा। ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ हाल की वनडे सीरीज में रोहित और विराट का प्रदर्शन शानदार रहा था। वडोदरा वनडे में भी इन दोनों खिलाड़ियों से धमाकेदार पारियों की उम्मीद है। साथ ही यह देखना भी रोचक होगा कि श्रेयस अय्यर की प्लेइंग इलेवन में एंट्री होती है या नहीं।

संभावित प्लेइंग इलेवन:

भारत: शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, केएल राहुल (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर (उपकप्तान), वाशिंगटन सुंदर, रवींद्र जडेजा, मोहम्मद सिराज, हर्षित राणा, प्रसिद्ध कृष्णा, कुलदीप यादव, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), नितीश कुमार रेड्डी, अर्शदीप सिंह, यशस्वी जयसवाल।

न्यूजीलैंड: माइकल ब्रेसवेल (कप्तान), डेवोन कॉनवे, विल यंग, हेनरी निकोल्स, डेरिल मिचेल, ग्लेन फिलिप्स, मिच हे (विकेटकीपर), जैक फाउल्केस, आदि अशोक, क्रिस्टियन क्लार्क, जोश क्लार्कसन, काइल जैमीसन, निक केली, जेडन लेनोक्स, माइकल रे।

यह मुकाबला क्रिकेट प्रेमियों के लिए निश्चित ही रोमांचक साबित होगा, जिसमें दोनों टीमों के सितारे मैदान पर अपनी क्षमता का जलवा दिखाएंगे।

 

This slideshow requires JavaScript.

Leave a Reply

This slideshow requires JavaScript.