Tuesday, July 21

लखनऊ में अशोक लेलैंड का नया इलेक्ट्रिक वाहन मैन्युफैक्चरिंग प्लांट शुरू, इलेक्ट्रिक बस और ट्रकों का होगा उत्पादन

लखनऊ: भारत की दूसरी सबसे बड़ी कॉमर्शियल वाहन निर्माता कंपनी, अशोक लेलैंड, ने उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में अपना नया इलेक्ट्रिक वाहन (EV) मैन्युफैक्चरिंग प्लांट शुरू कर दिया है। इस प्लांट में विशेष रूप से इलेक्ट्रिक बसें और छोटे कॉमर्शियल वाहन बनाए जाएंगे। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने प्लांट का उद्घाटन किया।

नए प्लांट के शुरू होने से लखनऊ को ग्रीन इंडस्ट्रियल मैप पर एक नई पहचान मिलेगी और शहर में वाहन निर्माण तथा औद्योगिक विकास को बढ़ावा मिलेगा।

78 साल का गौरवशाली इतिहास

अशोक लेलैंड की स्थापना 1948 में हुई थी। कंपनी आज 15 देशों में भारतीय विनिर्माण क्षमता और तकनीकी ताकत का प्रतिनिधित्व करती है। कंपनी के अनुसार, लखनऊ का यह नया प्लांट भविष्य की मांग को ध्यान में रखकर विकसित किया गया है। यहाँ आधुनिक मैन्युफैक्चरिंग तकनीक और डिजिटल प्रक्रियाओं का इस्तेमाल कर तेजी से इलेक्ट्रिक वाहनों का उत्पादन किया जाएगा।

अशोक लेलैंड के चेयरमैन धीरज हिंदुजा ने कहा, “जहाँ भी अशोक लेलैंड का प्लांट स्थापित होता है, वहां के स्थानीय लोगों को सीधा लाभ होता है। उत्तर प्रदेश में भी इसका सकारात्मक असर देखने को मिलेगा।”

मात्र 18 महीने में तैयार हुआ प्लांट

धीरज हिंदुजा ने बताया कि योगी सरकार के सहयोग और तेज प्रशासनिक कामकाज की वजह से यह प्लांट केवल 18 महीने में तैयार हो गया। यह लखनऊ में कंपनी का पहला मैन्युफैक्चरिंग प्लांट है। उन्होंने कहा कि आधुनिक इन्फ्रास्ट्रक्चर, मजबूत कनेक्टिविटी, प्रभावी कानून व्यवस्था और जवाबदेह प्रशासन आज यूपी को उद्योगपतियों और निवेशकों के लिए आकर्षक बना रहे हैं।

अशोक लेलैंड के प्रमुख वाहन

अशोक लेलैंड मुख्य रूप से ट्रक और बस बनाती है। कंपनी छोटे पिकअप ट्रक से लेकर भारी-भरकम ट्रेलर ट्रक तक का निर्माण करती है। इसके उत्पादों में लाइट कॉमर्शियल वाहन (LCV), इंटरमीडिएट और भारी ट्रक, टिपर, ट्रांजिट मिक्सर और ट्रैक्टर-ट्रेलर शामिल हैं।

बसों के क्षेत्र में कंपनी सिटी बस, स्कूल और स्टाफ बस, इंटर-सिटी, लग्जरी बसें और डबल डेकर बसें बनाती है।

अशोक लेलैंड सहायक कंपनी Switch Mobility के माध्यम से भविष्य की तकनीक पर भी काम कर रही है। भारतीय सेना के लिए कंपनी स्टैलियन लॉजिस्टिक वाहन, बुलेटप्रूफ और माइन-प्रूफ गाड़ियां, 4×4 से लेकर 12×12 हाई-मोबिलिटी ट्रक, एंबुलैंस और अग्निशमन वाहन भी बनाती है।

इस नए प्लांट के साथ लखनऊ अब इलेक्ट्रिक वाहन निर्माण में देश के मानचित्र पर एक प्रमुख केंद्र बन गया है।

 

This slideshow requires JavaScript.

Leave a Reply

This slideshow requires JavaScript.