Tuesday, July 21

संक्रांति के बाद बदलेगा मौसम, मावठे के साथ गिर सकता है पारा, एक्टिव होगा नया सिस्टम

 

 

भोपाल। मध्य प्रदेश में ठंड का कड़ाके का दौर जारी है, हालांकि पिछले 24 घंटों में लोगों को मामूली राहत जरूर मिली है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार वर्तमान में चार मौसम प्रणालियां सक्रिय हैं, जो प्रदेश के मौसम तंत्र को प्रभावित कर रही हैं। इस वजह से न्यूनतम तापमान में हल्की बढ़त दर्ज की गई है।

 

प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान कटनी जिले में 4.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि सतना के चित्रकूट में पारा 5.3 और नौगांव में 5.5 डिग्री सेल्सियस रहा। राजधानी भोपाल में न्यूनतम तापमान 10.2 डिग्री सेल्सियस रहा, वहीं इंदौर और जबलपुर में यह 9.5 डिग्री दर्ज किया गया।

 

प्रदेश के अन्य हिस्सों की बात करें तो ग्वालियर में 6.5, दतिया में 6.2, पचमढ़ी में 5.8, राजगढ़ में 6.4 और उज्जैन में 11 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड हुआ। शिवपुरी में 8 और उमरिया में 7 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ ठंड का असर बना हुआ है। दिन के तापमान में गिरावट के लिहाज से नर्मदापुरम में 13.8 और सीहोर में 13.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किए गए।

 

मौसम विभाग ने बुधवार को ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना, श्योपुर कलां, पन्ना, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी जिलों में मध्यम कोहरे की चेतावनी जारी की है। राहत की बात यह है कि फिलहाल प्रदेश में कहीं भी शीतलहर या ‘कोल्ड डे’ की स्थिति बनने की आधिकारिक चेतावनी नहीं दी गई है।

 

विशेषज्ञों का अनुमान है कि संक्रांति के दिन मौसम में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, लेकिन 16 जनवरी से एक नया सिस्टम सक्रिय होगा, जिससे तापमान में गिरावट और मावठे के साथ मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। आने वाले दिनों में भोपाल सहित कई जिलों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में और वृद्धि होने के आसार हैं।

 

This slideshow requires JavaScript.

Leave a Reply

This slideshow requires JavaScript.