Tuesday, July 21

उपेंद्र कुशवाहा का बड़ा दांव: बागी तेवर दिखा रहे MLA आलोक सिंह को बनाया राष्ट्रीय लोक मोर्चा का बिहार प्रदेश अध्यक्ष

पटना।
राष्ट्रीय लोक मोर्चा (रालोमो) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री उपेंद्र कुशवाहा ने पार्टी में उभरे असंतोष को शांत करने के लिए बड़ा राजनीतिक कदम उठाया है। उन्होंने पार्टी के बागी तेवर दिखा रहे विधायक आलोक कुमार सिंह को बिहार इकाई का नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया।

उपेंद्र कुशवाहा ने शुक्रवार को पार्टी कार्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में यह घोषणा की। उन्होंने कहा कि आलोक कुमार सिंह की नियुक्ति पार्टी की नई दिशा और संगठन को मजबूती देने के लिए महत्वपूर्ण कदम है।

पार्टी संगठन में नए सिरे से गठन

विधायक आलोक कुमार सिंह ने कहा कि हाल के विधानसभा चुनाव के बाद पार्टी की प्रदेश इकाई को भंग करके नए सिरे से गठन करने का निर्णय लिया गया था। उन्होंने कहा, “मैं आभारी हूं कि राष्ट्रीय अध्यक्ष ने मुझे यह जिम्मेदारी सौंपी है। इससे पहले मुझे प्रदेश संसदीय बोर्ड का अध्यक्ष भी बनाया गया था। बिहार विधानसभा चुनाव में हमारी पार्टी ने छह में से चार सीटों पर जीत दर्ज की। हम रालोमो को नई ऊंचाइयों पर ले जाएंगे।”

असंतोष को कम करने की कवायद

सूत्रों के अनुसार, हाल में पार्टी के तीन विधायकों ने कुशवाहा द्वारा आयोजित भोज में शिरकत नहीं की थी और भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात की थी। रालोमो में उपेंद्र कुशवाहा के परिवार को अधिक महत्व दिए जाने को लेकर कुछ असंतोष उभरा था।

कुशवाहा ने संवाददाता सम्मेलन में इन आरोपों का खंडन करते हुए कहा कि पार्टी के सभी नेता “एकजुट होकर काम करने और राष्ट्रीय लोक मोर्चा को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए प्रतिबद्ध” हैं।

अन्य नियुक्तियां

इस अवसर पर अन्य नियुक्तियों में मदन चौधरी को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष (संगठन), प्रशांत पंकज और सुभाष चंद्रवंशी को प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष तथा हिमांशु पटेल को प्रदेश महासचिव बनाया गया। इन नियुक्तियों का स्वागत करते हुए नेता माधव आनंद ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, “मुझे विश्वास है कि सभी नवनियुक्त पदाधिकारी पूरी निष्ठा से अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे और संगठन को मजबूत करेंगे।”

कुशवाहा ने कहा कि पार्टी संविधान के अनुरूप प्राथमिक इकाई से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक विशेष सदस्यता अभियान शीघ्र चलाया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि बिहार में “डबल इंजन” की सरकार विकास को गति देगी और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा परिकल्पित विकसित भारत के लक्ष्य में योगदान देगी।

 

This slideshow requires JavaScript.

Leave a Reply

This slideshow requires JavaScript.