Tuesday, July 21

पटना में रील बनाने के चक्कर में वंदे भारत एक्सप्रेस को रोका, रेलवे प्रशासन ने शुरू की जांच

 

 

पटना: बिहार में सोशल मीडिया पर रील बनाने का खतरनाक ट्रेंड अब यात्रियों की सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा बनता जा रहा है। हाल ही में पटना के बख्तियारपुर के पास कुछ नाबालिग लड़कों ने वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन के सामने रेलवे ट्रैक पर मोटी लकड़ियां और कंक्रीट के पोल रखकर ट्रेन को रोक दिया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

 

वीडियो में दिखाया गया है कि पांच लड़के, जो नाबालिग प्रतीत होते हैं, ट्रेन के सामने पटरी पर अवरोध डालते हैं। एक लड़के ने खुलेआम कहा, “आज हम लोग ट्रेन को रोकने के लिए आए हैं। हम ट्रेन को रोक कर ही रहेंगे।” वहीं, तकनीकी कारणों से ट्रेन रुक गई, जिससे लड़कों ने इसका ‘क्रेडिट’ ले लिया और वंदे भारत के पास जाकर वीडियो बनाते हुए खुशी जताई।

 

रेलवे प्रशासन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए लड़कों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिए हैं। पटना-मोकामा रेलखंड के बख्तियारपुर लिंक स्टेशन के पास हुई इस घटना में किसी तरह की गंभीर दुर्घटना नहीं हुई, लेकिन रेलवे और सुरक्षा अधिकारी चेतावनी दे रहे हैं कि अगर ट्रेन चालक ने समय पर अवरोध को नहीं देखा होता तो बड़े हादसे की संभावना थी।

 

सोशल मीडिया पर इस वीडियो के वायरल होने के बाद उपयोगकर्ताओं ने लड़कों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। ट्विटर पर एक यूजर जितेंद्र प्रताप सिंह ने लिखा, “यह देखिए, यह सारे जाहिल सिर्फ रील बनाने के लिए वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन को रोक दिए। अगर ड्राइवर की नजर इन अवरोधों पर नहीं पड़ती तो कितने लोग मारे जाते। इनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।”

 

रेलवे सूत्रों के अनुसार, मामले की जांच जारी है और सुरक्षा बढ़ाने के लिए अतिरिक्त कदम उठाए जा रहे हैं।

 

 

This slideshow requires JavaScript.

Leave a Reply

This slideshow requires JavaScript.