Tuesday, July 21

हरियाणा: सरकारी जमीन से ठेकेदार ने उठाई 150 ट्रॉली मिट्टी, ट्रैक्टर और जेसीबी पकड़े गए

 

 

झज्जर: हरियाणा के झज्जर जिले में सरकारी जमीन से बड़ी मात्रा में मिट्टी चोरी का मामला सामने आया है। बहादुरगढ़ में झज्जर रोड स्थित बिजली विभाग के पावर हाउस परिसर से ठेकेदार ने रविवार की छुट्टी का फायदा उठाकर करीब 150 ट्रॉली मिट्टी चोरी कर ली।

 

जानकारी के अनुसार, पावर हाउस परिसर से 5 से 6 फुट गहराई तक मिट्टी उठाई गई। बिजली विभाग के कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर ठेकेदार की जेसीबी मशीन और ट्रैक्टर को पकड़ लिया और उच्च अधिकारियों को मामले की सूचना दी।

 

वार्ड 26 के पार्षद बलराम दलाल उर्फ मिंटू पहलवान ने बताया कि मिट्टी चोरी रविवार की छुट्टी का फायदा उठाकर की जा रही थी। हालांकि सूचना देने के बावजूद बिजली विभाग का कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा, जिससे विभागीय मिलीभगत की आशंका बढ़ गई।

 

स्थानीय निवासी अमरजीत ने बताया कि चोरी के कारण पावर हाउस परिसर में लगे दर्जनभर पेड़ों को नुकसान हुआ है। कई साल पुराने छायादार पेड़ों की जड़ें बाहर निकल आई हैं, जिससे गिरने का खतरा है। इसके अलावा, पावर हाउस की चारदीवारी की नींव से मिट्टी हटाए जाने के कारण दीवार गिरने का भी खतरा पैदा हो गया।

 

सूत्रों के अनुसार, बिजली विभाग ने परिसर में स्थित पुरानी इमारत को तोड़ने के लिए ठेकेदार को टेंडर दिया था, लेकिन उसने मलबा हटाने की आड़ में पूरे पावर हाउस परिसर से मिट्टी उठवा ली।

 

स्थानीय लोग इस पूरे मामले पर नाराज हैं और मांग कर रहे हैं कि उच्च अधिकारी गंभीरता से मामले की जांच करें और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करें। अब प्रशासनिक अधिकारियों की प्रतिक्रिया का इंतजार है।

 

 

This slideshow requires JavaScript.

Leave a Reply

This slideshow requires JavaScript.