Tuesday, July 21

रांची के खादगढ़ा बस स्टैंड में आग, 6 बसें जलकर खाक, संचालकों ने जताई साजिश की आशंका

 

 

रांची के लोअर बाजार थाना क्षेत्र में स्थित खादगढ़ा बस स्टैंड में रविवार दोपहर अचानक आग लगने से अफरातफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पहले एक बस में आग लगी, जो देखते ही देखते पास में खड़ी 5 अन्य बसों को अपनी चपेट में ले लिया। इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, क्योंकि आग लगने के समय सभी बसें खाली थीं।

 

बस मालिकों का साजिश का अंदेशा

बस संचालकों ने इस घटना के पीछे जानबूझकर की गई साजिश का शक जताया है। उन्होंने कहा कि जिन बसों में आग लगी, उनमें से कोई भी एसी बस नहीं थी। आमतौर पर शॉर्ट सर्किट की वजह से केवल एसी बसों में ही आग लगती है।

 

बस मालिकों ने प्रशासन से पहले भी अनुरोध किया था कि बस स्टैंड में अस्थायी रूप से दमकल वाहन रखे जाएं, लेकिन उनकी मांग पर ध्यान नहीं दिया गया।

 

दमकल ने काबू पाया आग पर

दमकल विभाग की 5 गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग लगने के कारणों का पता अभी नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और बस स्टैंड की सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है।

 

यह घटना बस स्टैंड के लिए नया हादसा नहीं है। 2023 में भी यहां दो बार आग लग चुकी है, जिसमें एक बार तो 17 बसें आग की चपेट में आ गई थीं।

 

इस आग हादसे से बस मालिकों को लाखों रुपए का नुकसान हुआ है और इलाके में दहशत का माहौल कायम है।

 

 

This slideshow requires JavaScript.

Leave a Reply

This slideshow requires JavaScript.