Tuesday, July 21

प्रयागराज में CBCID के रिटायर्ड दरोगा की क्रूर हत्या, सिर पर कई वार कर ली गई जान लालापुर थाना क्षेत्र में अपराध की सनसनी, पुलिस जांच में जुटी

शिवपूजन सिंह, प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज कमिश्नरेट के यमुनानगर जोन में लालापुर थाना क्षेत्र के मदूरी गांव के मकान में सीबीसीआईडी के सेवानिवृत्त दरोगा रामरतन मिश्रा की निर्मम हत्या कर दी गई। हत्या के समय उनके सिर पर भारी वस्तु से 5 से अधिक बार प्रहार किए गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक खून से लथपथ फर्श पर पड़े मिले।

घटना की जानकारी मृतक के नाती को हुई, जो सुबह उन्हें खाना देने के लिए मदूरी स्थित मकान पहुंचे। दरवाजा अंदर से बंद था और काफी आवाज देने पर भी कोई जवाब नहीं मिला। नाती ने पीछे की दीवार चढ़कर अंदर झांका तो वहां रामरतन मिश्रा खून में लथपथ पड़े दिखाई दिए। नाती चीखते हुए भागे और गांव वालों व परिजनों को सूचना दी।

मृतक रामरतन मिश्रा का पैतृक घर चकसूशेर गांव में है, जहां अन्य परिजन रहते हैं, लेकिन वह अकेले मदूरी वाले मकान में रहते थे।

घटना की सूचना पर लालापुर थाना पुलिस, फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड तुरंत मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जांच में घर में किसी जबरन घुसपैठ के संकेत नहीं मिले। डीसीपी यमुनानगर विवेक चंद्र यादव ने बताया कि मामले की जांच के सभी पहलुओं पर ध्यान दिया जा रहा है, जिसमें लूटपाट, पुरानी रंजिश, व्यक्तिगत दुश्मनी या पारिवारिक विवाद शामिल हैं। मकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, जो मामले का राज खोल सकती है।

पुलिस परिजनों से पूछताछ कर रही है। फिलहाल किसी पर स्पष्ट आरोप नहीं लगा है। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। सबूतों और परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

This slideshow requires JavaScript.

Leave a Reply

This slideshow requires JavaScript.