Tuesday, July 21

जयपुर में सीएम के इलाके में फायरिंग, RJ-21 कैफे पर कार सवार बदमाशों ने किया धांय-धांय

जयपुर: मानसरोवर के शिप्रापथ स्थित पिंक सिटी के पॉश इलाके में सोमवार शाम को सनसनी फैल गई। सेंट विल्फ्रेड कॉलेज के पास स्थित ‘कैफे आरजे-21’ पर कार सवार बदमाशों ने अंधाधुंध फायरिंग की। घटना के दौरान कैफे संचालक ऋतिक निठारवाल सुरक्षित रहे, लेकिन इस हमले ने इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया।

हमला अचानक हुआ
डीसीपी (साउथ) राजर्षि राज के अनुसार, घटना सोमवार शाम की है। कैफे संचालक ऋतिक निठारवाल अपने काउंटर पर बैठे थे, तभी एक सफेद स्विफ्ट कार में चार बदमाश वहां पहुंचे। कार से उतरते ही उन्होंने ऋतिक को निशाना बनाते हुए फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई गोलीबारी से कैफे में मौजूद ग्राहक और राहगीर सहम गए और भगदड़ मच गई।

पुरानी रंजिश और रुपयों का विवाद
पुलिस की प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ कि बदमाश और ऋतिक निठारवाल पुराने परिचित हैं। दोनों पहले रेंटल कार बिजनेस में साझेदार थे। लंबे समय से दोनों पक्षों के बीच रुपये के लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते बदमाशों ने ऋतिक को धमकाने और डराने के उद्देश्य से वारदात अंजाम दी।

हंगामे के बीच बदमाश फरार
जब गोलियों की आवाज सुनकर स्थानीय लोग और दुकानदार जमा हुए, तो बदमाशों ने पकड़े जाने के डर से अपनी कार में बैठकर शिप्रापथ की गलियों में ओझल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और वहां से कारतूस के खोल बरामद किए।

पुलिस ने बदमाशों को नामजद कर लिया है और उनकी तलाश में शहर के अलग-अलग ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

This slideshow requires JavaScript.

Leave a Reply

This slideshow requires JavaScript.