Tuesday, July 21

एक कप गेहूं के आटे से बनेगा चटपटा नाश्ता, ममता की रसोई से मिली आसान और झटपट रेसिपी

अक्सर गेहूं के आटे का इस्तेमाल पूड़ी या पराठे तक ही सीमित रह जाता है, लेकिन क्या आप जानते हैं कि इसी आटे से मिनटों में स्वादिष्ट और चटपटा नाश्ता भी तैयार किया जा सकता है? यूट्यूब चैनल ममता की रसोई से सामने आई एक आसान रेसिपी इन दिनों काफ़ी पसंद की जा रही है, जिसमें सिर्फ 3 आलू और एक कप गेहूं के आटे से लाजवाब नाश्ता बनाया जाता है।

चाय के साथ समोसा-कचौड़ी खाकर बोर हो चुके लोगों के लिए यह रेसिपी एक बेहतरीन विकल्प है। खास बात यह है कि इसे बनाने में ज्यादा समय नहीं लगता और घर में मौजूद सामान्य सामग्री से ही यह नाश्ता तैयार हो जाता है।

चटपटा नाश्ता बनाने की सामग्री

  • 3 आलू

  • 1 कप गेहूं का आटा

  • स्वादानुसार नमक

  • लाल मिर्च पाउडर

  • चाट मसाला

  • गरम मसाला

  • हल्दी

  • कलौंजी

  • हरा धनिया

  • तेल

बनाने की विधि

सबसे पहले आलू को कुकर में उबालकर छील लें और अच्छी तरह मैश कर लें। इसके बाद मैश किए हुए आलू में नमक, लाल मिर्च पाउडर, चाट मसाला, गरम मसाला, कटा हरा धनिया और हरी मिर्च डालकर अच्छी तरह मिला लें।

अब इस मिश्रण से गोल-गोल टिक्कियां बना लें। टिक्की बनाते समय हाथों पर थोड़ा तेल या पानी लगा लें, ताकि मिश्रण चिपके नहीं।

दूसरी ओर, एक बर्तन में गेहूं का आटा लें और उसमें नमक, हल्दी, कलौंजी और थोड़ा सा कटा हरा धनिया मिलाएं। फिर थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए बिना गांठ वाला मीडियम गाढ़ापन का बैटर तैयार कर लें।

अब तैयार आलू की टिक्कियों को इस बैटर में डुबोकर गरम तेल में सुनहरा होने तक तल लें। ध्यान रखें कि टिक्कियां एक-दूसरे से चिपकें नहीं।

कुछ ही मिनटों में गेहूं के आटे और आलू से बना यह चटपटा नाश्ता तैयार हो जाएगा, जिसे आप हरी चटनी या सॉस के साथ परोस सकते हैं।

This slideshow requires JavaScript.

Leave a Reply

This slideshow requires JavaScript.