Tuesday, July 21

जमीन पैमाइश के नाम पर ले रहे थे 6 हजार की रिश्वत, राजस्व निरीक्षक राम मिलन रंगे हाथ गिरफ्तार

लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत उत्तर प्रदेश में भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में भ्रष्टाचार निवारण संगठन, गोण्डा इकाई ने मंगलवार को बहराइच में राजस्व निरीक्षक राम मिलन को 6,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया।

जमीन पैमाइश के लिए मांग रहे थे रिश्वत

बहराइच के अमराई निवासी शिकायतकर्ता दीनानाथ ने भ्रष्टाचार निवारण संगठन से शिकायत की थी कि उनकी जमीन की पैमाइश रिपोर्ट लगाने के नाम पर राजस्व निरीक्षक राम मिलन अवैध धन की मांग कर रहे हैं।
शिकायत के अनुसार, बिना पैसे दिए काम करने से वह लगातार इंकार कर रहा था, जिससे परेशान होकर दीनानाथ ने इसकी लिखित शिकायत की।

जांच के बाद बिछाया जाल, 6 हजार लेते ही पकड़े गए

शिकायत की पुष्टि के बाद निरीक्षक धनंजय कुमार सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम बनाई गई। तय योजना के अनुसार टीम ने पटिहाल चौराहा, इकौना मार्ग, तहसील पयागपुर के पास जाल बिछाया।
जैसे ही राजस्व निरीक्षक ने 6,000 रुपये की रिश्वत स्वीकार की, टीम ने उसे मौके पर ही धर दबोचा। रिश्वत की रकम भी बरामद कर ली गई।

गिरफ्तार आरोपी राम मिलन हरैया के सुजौली थाना क्षेत्र के रामपुरवा गांव का निवासी बताया गया है।

भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त रुख

भ्रष्टाचार निवारण संगठन ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार राजस्व, पुलिस, नगर निकाय, विकास और पंचायत सहित सभी विभागों में रिश्वतखोरी की शिकायतों पर त्वरित और कठोर कार्रवाई की जा रही है।
अधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि किसी भी स्तर पर भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

This slideshow requires JavaScript.

Leave a Reply

This slideshow requires JavaScript.