Tuesday, July 21

कनॉट प्लेस में कारोबारी की हेलमेट से पीट-पीटकर हत्या, दिल्ली पुलिस ने दो फूड डिलीवरी बॉय किए गिरफ्तार

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के व्यस्ततम इलाके कनॉट प्लेस में एक कारोबारी की बेरहमी से हत्या के मामले में दिल्ली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने कारोबारी को हेलमेट से पीट-पीटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया था, जिसके बाद इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

यह वारदात 3 जनवरी की रात की बताई जा रही है। मृतक की पहचान 36 वर्षीय शिवम गुप्ता के रूप में हुई है।

17 दिन तक अस्पताल में चला इलाज, 19 जनवरी को हुई मौत

पुलिस के मुताबिक, हमले में गंभीर रूप से घायल शिवम गुप्ता को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वह करीब 17 दिनों तक अस्पताल में भर्ती रहे, लेकिन इलाज के दौरान 19 जनवरी को उन्होंने दम तोड़ दिया। इसके बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच तेज की।

तीन आरोपी थे शामिल, एक अब भी फरार

दिल्ली पुलिस ने बताया कि इस घटना में कुल तीन आरोपी फूड डिलीवरी बॉय शामिल थे। पुलिस ने इनमें से दो को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि तीसरा आरोपी अभी भी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

कहासुनी के बाद किया हमला

पुलिस का कहना है कि शिवम गुप्ता एक पार्टी से देर रात घर लौट रहे थे। इसी दौरान किसी छोटी बात को लेकर आरोपियों से उनकी कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर तीनों आरोपियों ने शिवम पर हेलमेट से हमला कर दिया और उन्हें बुरी तरह पीटकर मौके से फरार हो गए।

सूचना मिलने पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया गया।

पहाड़गंज में थीं दुकानें, लक्ष्मी नगर में रहता था परिवार

मृतक शिवम गुप्ता लक्ष्मी नगर में अपने परिवार के साथ रहते थे और पहाड़गंज में उनकी दो दुकानें थीं। बताया गया कि वह 2 जनवरी की शाम घर से पार्टी में जाने की बात कहकर निकले थे।

परिजनों ने की सख्त सजा की मांग

मृतक के पिता अनिल कांत गुप्ता ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि उनका बेटा ही उनका सब कुछ था और अब उन्हें सिर्फ न्याय की उम्मीद है ताकि किसी और परिवार को ऐसी त्रासदी न झेलनी पड़े।

This slideshow requires JavaScript.

Leave a Reply

This slideshow requires JavaScript.