Tuesday, July 21

गाजियाबाद ट्रिपल सुसाइड: बहनों ने लिखा ‘हम कोरिया नहीं छोड़ सकते’, पुलिस ने कहा- गेम लिंक पक्का नहीं

गाजियाबाद। दिल्ली से सटे उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में तीन सगी बहनों द्वारा नौंवी मंजिल से कूदकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। पुलिस जांच में एक पॉकेट डायरी मिली है, जिसमें तीनों बहनों ने आठ पन्नों का सुसाइड नोट लिखा। नोट में उन्होंने माता-पिता से माफी मांगते हुए अपनी भावनाएँ साझा की हैं।

डायरी में लिखा है, “मम्मी-पापा पूरी डायरी ध्यान से पढ़ना क्योंकि इसमें लिखा हर शब्द सच्चा है। आई एम रियली सॉरी। सॉरी पापा।” इसके अलावा उन्होंने कमरे की दीवार पर अंग्रेजी में लिखा था, “I am very very alone”, जिससे उनकी अकेलापन और मानसिक पीड़ा जाहिर होती है।

शुरुआती जांच में यह बात सामने आई थी कि तीनों बहनें एक ऑनलाइन कोरियन गेम से जुड़ी हुई थीं और इस खेल के लिए उन्होंने अपने लिए कोरियन नाम भी रख लिए थे। सुसाइड नोट में उन्होंने लिखा, “हम कोरिया नहीं छोड़ सकते, कोरिया ही हमारी जिंदगी है। आप हमें आजाद नहीं कर सकते। हम अपनी जान दे रही हैं।”

हालांकि, गाजियाबाद के एडिशनल कमिश्नर केशव चौधरी ने स्पष्ट किया कि किसी कोरियन गेम की लत से आत्महत्या का सीधा संबंध अभी तक पुष्टि नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि तीनों बहनें कोरियन संस्कृति से प्रभावित थीं और मोबाइल फोन की आदी थीं। परिवार द्वारा मोबाइल फोन देने पर रोक लगाने के बाद उन्होंने यह चरम कदम उठाया।

परिजन भी दावा कर रहे हैं कि उन्हें गेम के बारे में कोई जानकारी नहीं थी, वरना वे बच्चों को ऐसा गेम खेलने की अनुमति नहीं देते। पुलिस ने यह भी बताया कि तीनों बहनें पिछले दो वर्षों से स्कूल नहीं जा रही थीं और कमजोर पढ़ाई व आर्थिक परेशानियों के कारण घर पर ही रह रही थीं।

पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है।

This slideshow requires JavaScript.

Leave a Reply

This slideshow requires JavaScript.