Tuesday, July 21

नोएडा में जल सुरक्षा मजबूत: 6 नई जल पुलिस चौकियां स्थापित करने की योजना

नोएडा के सेक्टर-150 में इंजीनियर युवराज मेहता की डूबने से मौत के बाद प्रशासन ने जल सुरक्षा को गंभीरता से लेते हुए छह नई जल पुलिस चौकियों की स्थापना की योजना को मंजूरी दे दी है। इस पहल का उद्देश्य दुर्घटनाओं को रोकना और बड़े आयोजनों में श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।

पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में प्रस्तावित चौकियां जिले के तीनों जोन में तैनात की जाएंगी।

  • नोएडा जोन: सेक्टर-126 (औखला बैराज) और कालिंदी कुंज यमुना पुल

  • सेंट्रल नोएडा: इकोटेक-3 के कुलेसरा हिंडन नदी तट

  • ग्रेटर नोएडा जोन: नॉलेज पार्क (कामबक्शपुर यमुना तट), दादरी (कोट नहर), दनकौर (खैरली नहर पुलिया) और रबूपुरा (चंडीगढ़ यमुना नहर)

प्रत्येक चौकी आधुनिक जीवन रक्षक उपकरणों से लैस होगी। चौकी में एक प्रभारी, मुख्य आरक्षी और आरक्षी के अलावा दो रेस्क्यू बोट्स संचालित की जाएंगी। इसके साथ ही स्थानीय गोताखोर, नाविक और आपदा मित्रों का नेटवर्क तैयार किया जाएगा, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन किया जा सके। पुलिसकर्मियों को विशेष जल-बचाव प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इन चौकियों की जिम्मेदारी घाटों पर कानून-व्यवस्था बनाए रखना, भीड़ प्रबंधन करना, नावों की क्षमता जांचना और आपात स्थिति में बचाव करना होगी। यह पहल न केवल दुर्घटनाओं को रोकने में मदद करेगी, बल्कि कांवड़ यात्रा, छठ पूजा और दुर्गा पूजा जैसे बड़े धार्मिक आयोजनों में श्रद्धालुओं की सुरक्षा भी सुनिश्चित करेगी।

पुलिस कमिश्नरेट ने स्पष्ट किया है कि यह चौकियां केवल नाममात्र की नहीं होंगी, बल्कि प्रशिक्षित कर्मियों और आधुनिक उपकरणों से पूरी तरह सुसज्जित होकर किसी भी आपात स्थिति का सामना करने के लिए तत्पर रहेंगी। इस कदम से नोएडा जिले में जल पर्यटन स्थलों और धार्मिक घाटों पर सुरक्षा मानकों को मजबूत करने में मदद मिलेगी।

This slideshow requires JavaScript.

Leave a Reply

This slideshow requires JavaScript.