Tuesday, July 21

सनावद की ‘सपना’ और उसके खौफनाक इरादे: हनीट्रैप में फंसे 20 से अधिक लोग, गिरोह में तीन महिलाएं

खरगोन: मध्य प्रदेश के खरगोन जिले के सनावद थाना क्षेत्र में पुलिस ने हनीट्रैप और ब्लैकमेल करने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। गिरोह में तीन महिलाएं और दो पुरुष शामिल थे, जो आपत्तिजनक वीडियो बनाकर लोगों को धमका कर मोटी रकम वसूलते थे।

घटना के अनुसार, गाँव सताजना निवासी फरियादी ने बताया कि 2 फरवरी को एक महिला, जिसने अपना नाम सपना बताया, ने बार-बार फोन कर उसे पद्मावती कॉलोनी, सनावद स्थित अपने घर बुलाया। घर पहुंचने पर, सहमति से बातचीत और संबंध बनाए जा रहे थे, तभी अचानक दो पुरुष और एक अन्य महिला कमरे में आ गए।

आरोपियों ने मोबाइल से वीडियो बनाने की धमकी दी और उसे वीडियो वायरल करने, जान से मारने और बलात्कार के झूठे प्रकरण में फंसाने की चेतावनी देते हुए 2.5 लाख रुपये की मांग की। डर के कारण फरियादी ने 6 फरवरी को आरोपियों को 10 हजार रुपये दिए, लेकिन धमकियां जारी रहीं।

थाना सनावद प्रभारी धर्मेन्द्र यादव ने बताया कि शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 308(7), 351(3) एवं 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी वैजन्ती दुबोलिया को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने अपने साथियों के साथ वारदात करने की बात स्वीकार की।

इसके बाद दो अन्य महिलाएं और पुरुष आरोपी समीर अली और सावन मोरे को भी गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के कब्जे से 10 हजार रुपये नकद और आपत्तिजनक वीडियो जब्त किए गए। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया।

थाना प्रभारी ने बताया कि इस घटना के उजागर होने के बाद करीब 20 अन्य लोग सामने आए हैं, जिनके साथ इस तरह का घटनाक्रम हुआ। पुलिस ने बताया कि यह गिरोह लगभग 1 वर्ष से सक्रिय था और केवल नकद लेनदेन करता था।

This slideshow requires JavaScript.

Leave a Reply

This slideshow requires JavaScript.