Tuesday, July 21

प्रयागराज में 17 वर्षीय वॉलीबॉल खिलाड़ी प्रत्युष राय की संदिग्ध मौत, हॉस्टल में फर्श पर पड़ी मिली लाश

प्रयागराज: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में 17 वर्षीय वॉलीबॉल खिलाड़ी प्रत्युष राय की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। गाजीपुर का रहने वाला प्रत्युष मंगलवार सुबह अमिताभ बच्चन स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के छात्रावास के कमरे में फर्श पर पड़ा मिला। उसे तुरंत बेली अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस खबर ने परिजनों और साथियों में कोहराम मचा दिया।

प्रतिभाशाली खिलाड़ी था प्रत्युष
प्रत्‍युष पिछले चार सालों से स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में रहकर वॉलीबॉल की ट्रेनिंग ले रहा था। वह अपने कोच और साथियों के बीच बेहद लोकप्रिय और प्रतिभाशाली खिलाड़ी माना जाता था। मंगलवार सुबह लगभग पांच बजे कुछ जूनियर खिलाड़ी उसे जगाने गए, तब उसे कमरे के फर्श पर पड़ा देखा गया।

रात 9 बजे लिया था भोजन
सोमवार रात लगभग 9 बजे प्रत्युष ने अन्य खिलाड़ियों के साथ मेस में भोजन किया और इसके बाद अपने कमरे में सोने चला गया। बीते कुछ दिनों से उसका रूम पार्टनर ऋषभ अपने गांव गया हुआ था, जिससे प्रत्युष कमरे में अकेला रह रहा था।

परिजन प्रयागराज रवाना
सूचना मिलते ही कर्नलगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। गाजीपुर में रहने वाले परिजन तुरंत प्रयागराज के लिए रवाना हो गए।

पुलिस ने जताई आशंका
कर्नलगंज थाना प्रभारी संजय सिंह ने बताया कि फिलहाल मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति साफ होगी।

This slideshow requires JavaScript.

Leave a Reply

This slideshow requires JavaScript.