Tuesday, July 21

मणिपुर के उखरूल में तनावपूर्ण हालात, दोनों समुदायों के घरों में आग, 20 घर जले

इंफाल/उखरूल: मणिपुर के उखरूल जिले में कुकी-जो और नागा समुदाय के सदस्यों के बीच लगातार हिंसक झड़पों ने हालात को और तनावपूर्ण बना दिया है। सोमवार को लिटन सारेखोंग इलाके में दोनों समुदायों ने एक-दूसरे के घरों में आग लगाई, जिससे 20 घर जलकर राख हो गए।

इंटरनेट सेवाएं 5 दिन के लिए बंद
बिगड़ते हालात को देखते हुए प्रशासन ने पांच दिनों के लिए इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी हैं। हिंसा के कारण कई लोग सुरक्षित स्थानों की ओर भागने को मजबूर हुए।

घायलों का इलाज
घटनाओं में घायल हुए कुछ लोगों को इंफाल के रीजनल इंस्टिट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेस में भर्ती कराया गया है। अस्पताल में घायलों से मिलने के बाद मुख्यमंत्री युमनाम खेमचंद सिंह ने लोगों से शांति और संयम बनाए रखने की अपील की है।

डिप्टी सीएम और प्रशासन का दौरा
उखरूल के डिस्ट्रिक्ट मजिस्ट्रेट आशीष दास ने बताया कि रविवार से पहले ही दोनों समुदायों के सदस्यों ने पांच से छह घरों में आग लगा दी थी। तेज हवा के कारण आग फैलकर 20 घरों को पूरी तरह जलाकर राख कर दिया। इस बीच, डिप्टी सीएम लोसी दिखो ने लोकल एमएलए राम मुइवा और उनके सैकुलर समकक्ष किमनियो हंगशिंग हाओकिप के साथ प्रभावित इलाके का दौरा किया और दोनों समुदायों के सिविल सोसाइटी नेताओं के साथ शांति बहाली के लिए बैठक की। हालांकि, मीटिंग के तुरंत बाद अज्ञात बदमाशों ने फिर से आठ घरों में आग लगा दी।

लोग सुरक्षित स्थानों की ओर गए
डिस्ट्रिक्ट मजिस्ट्रेट ने कहा कि प्रभावित परिवार और अन्य ग्रामीण डर के कारण अपने रिश्तेदारों के घरों में चले गए हैं। हालात तनावपूर्ण हैं, लेकिन सेंट्रल आर्म्ड फोर्स, आर्मी, असम राइफल्स और रैपिड एक्शन फोर्स की तैनाती के चलते स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है।

This slideshow requires JavaScript.

Leave a Reply

This slideshow requires JavaScript.