ऋषिकेश में वनभूमि सर्वे के विरोध में बवाल, रेलवे ट्रैक और हाइवे जाम; 5 पुलिसकर्मी घायल ऋषिकेश, 29 दिसंबर 2025 (राहुल पराशर)
उत्तराखंड के ऋषिकेश में रविवार को वनभूमि सर्वे के विरोध में स्थानीय लोगों का गुस्सा भड़का और हालात बेकाबू हो गए। आक्रोशित लोगों ने रेलवे ट्रैक और हरिद्वार–ऋषिकेश नेशनल हाइवे पर कब्जा कर दिया, जिससे यातायात ठप हो गया। इस दौरान पत्थरबाजी में पांच पुलिसकर्मी घायल हुए।
जानकारी के अनुसार, अमितग्राम, मनसा देवी, गीतानगर और आसपास के क्षेत्रों के लोग सर्वे का विरोध कर पहले हरिद्वार बाइपास जाम कर दिया। इसके बाद मनसा देवी फाटक पर रेलवे ट्रैक पर कब्जा किया, जबकि गीतानगर में नेशनल हाइवे पर नाकेबंदी की गई। दोपहर 12 बजे से शाम 7 बजे तक यह हंगामा चलता रहा।
रेलवे ट्रैक जाम होने से बाड़मेर एक्सप्रेस, कोच्चीवली एक्सप्रेस और योगा एक्सप्रेस सहित कई ट्रेनें घंटों रुकी रहीं। पैसेंजरों में डर और असमंजस का माहौल बना रहा। पुलिस ने ट्रैक खाली कराने के बाद वहां पड़े पत्थरों को हटाया।
...










