Tuesday, July 21

इंदौर में अंतरराष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस के दौरान गिरीं, ब्रेन एन्यूरिज्म से इलाज के दौरान डॉ. त्सेरिंग भूटिया का निधन

मध्यप्रदेश के इंदौर में आयोजित यूरोलॉजी की अंतरराष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस USICON-2026 में शामिल होने आईं सिक्किम की ख्यात महिला यूरोलॉजिस्ट डॉ. त्सेरिंग (डोमा) भूटिया का इलाज के दौरान निधन हो गया। वे कॉन्फ्रेंस में प्रेजेंटेशन देते समय अचानक गिर पड़ी थीं और फिर उठ नहीं सकीं।

घटना शनिवार दोपहर की है, जब डॉ. भूटिया मंच पर अपना प्रेजेंटेशन दे रही थीं। इसी दौरान उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और वे मंच पर गिर पड़ीं। मौके पर मौजूद विशेषज्ञ डॉक्टरों ने तुरंत सीपीआर देकर प्राथमिक उपचार किया और उन्हें लाइफ केयर हॉस्पिटल ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर उन्हें अपोलो हॉस्पिटल रेफर किया गया। मेडिकल जांच में पता चला कि उन्हें ब्रेन एन्यूरिज्म की समस्या थी। डॉक्टरों के अनुसार ब्रेन एन्यूरिज्म दिमाग की नस का कमजोर हिस्सा होता है, जो अचानक फटने पर गंभीर ब्लीडिंग का कारण बन सकता है।

डॉ. भूटिया की स्थिति अत्यंत नाजुक होने पर सोमवार को उन्हें मुंबई के मेदांता हॉस्पिटल एयरलिफ्ट करने की योजना बनाई गई थी, लेकिन परिजनों की सहमति से उनका इलाज इंदौर में ही जारी रखा गया। तमाम प्रयासों के बावजूद उन्होंने आज तड़के अंतिम सांस ली।

डॉ. भूटिया मूल रूप से सिक्किम की निवासी थीं और उनका परिवार बौद्ध धर्म का पालन करता है। उनके पार्थिव शरीर को एमजीएम मेडिकल कॉलेज में एम्बाल्मिंग के लिए सुरक्षित रखा गया है। आवश्यक औपचारिकताओं के बाद उनका शव अंतिम संस्कार के लिए सिक्किम भेजा जाएगा।

This slideshow requires JavaScript.

Leave a Reply

This slideshow requires JavaScript.