Tuesday, July 21

एटा में कार हादसा: गुरुग्राम से मैनपुरी जा रहे तीन युवकों की मौत, दो घायल

एटा (उत्तर प्रदेश), 7 फरवरी 2026: उत्तर प्रदेश के एटा जिले के मलावन थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह एक भयानक सड़क हादसे में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी लोग गुरुग्राम से मैनपुरी के कुरावली क्षेत्र के गांव गनेसपुर में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए प्राइवेट कैब से आ रहे थे।

पुलिस के अनुसार, हादसा सकीट रोड स्थित गांव बावली नहर के पास घुमावदार मोड़ पर हुआ। चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया, जिससे कार अनियंत्रित होकर पहले पेड़ से टकराई और फिर तीन बार पलटते हुए करीब 15 फीट नीचे गड्ढे में जा गिरी।

हादसे के बाद कार में सवार लोग लगभग 15 मिनट तक फंसे रहे। राहगीरों की मदद से कार का दरवाजा तोड़ा गया और घायलों को बाहर निकाला गया। मलावन के थाना प्रभारी आरके सिंह ने बताया कि मृतकों की पहचान शिवम यादव (21), सुनील यादव (23) और मनकी (19) के रूप में हुई है। घायल राहुल (28) और खुशबू (22) को इलाज के लिए वीरांगना अवंतीबाई मेडिकल कॉलेज, एटा में भर्ती कराया गया है।

एसएचओ ने कहा कि पोस्टमॉर्टम के लिए शव भेज दिए गए हैं और मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि हादसे का मुख्य कारण तेज रफ्तार और खतरनाक मोड़ पर वाहन का नियंत्रण खो जाना है। घटना से जुड़े वीडियो और फोटो भी सामने आए हैं, जो हादसे की भयावहता को स्पष्ट रूप से दिखाते हैं।

This slideshow requires JavaScript.

Leave a Reply

This slideshow requires JavaScript.