Tuesday, July 21

‘फ्रेंड्स फॉर लाइफ’ पहल से और मजबूत होगी भारतीय सेना की अंतरराष्ट्रीय कूटनीति

नई दिल्ली: भारतीय सेना ने डिफेंस डिप्लोमेसी में नया कदम बढ़ाते हुए ‘फ्रेंड्स फॉर लाइफ’ नामक डिजिटल प्लेटफॉर्म शुरू किया है। इस पहल का उद्देश्य उन मित्र देशों के सैन्य और पूर्व सैन्य अधिकारियों को जोड़ना है, जिन्होंने अलग-अलग समय में भारतीय सेना के प्रशिक्षण संस्थानों में प्रशिक्षण लिया है।

इस डिजिटल मंच के माध्यम से अधिकारी एक-दूसरे के अनुभव साझा कर सकेंगे, पेशेवर संवाद को बढ़ावा देंगे और अंतरराष्ट्रीय सैन्य सहयोग को मजबूत करेंगे। भारतीय सेना के अनुसार, यह पहल 99 देशों के सैन्य अधिकारियों और पूर्व छात्रों को एक वैश्विक नेटवर्क में जोड़ने का काम करेगी।

अंतरराष्ट्रीय सैन्य प्रशिक्षण का व्यापक अनुभव
पिछले एक दशक में भारतीय सेना ने मित्र देशों के 21,500 से अधिक सैन्य अधिकारियों को प्रशिक्षण दिया है। श्रीलंका के आर्मी कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल वीकेजीएम लासंथा रोड्रिगो और नेपाल के सेना प्रमुख जनरल अशोक राज सिगडेल भी आईएमए के पूर्व छात्र हैं। इसके अलावा, बांग्लादेश, मलेशिया, भूटान, अमेरिका, यूके, कनाडा, जापान और फ्रांस सहित कई देशों के वरिष्ठ अधिकारी भारतीय प्रशिक्षण संस्थानों में शिक्षा ले चुके हैं।

क्राइसिस में भी काम आएगी यह पहल
यह कनेक्शन केवल प्रशिक्षण या संयुक्त सैन्य ऑपरेशन तक ही सीमित नहीं है। संकट के समय यह संपर्क बेहद महत्वपूर्ण साबित होता है। उदाहरण के लिए, जब बांग्लादेश में राजनीतिक संकट आया था, तब भारत और बांग्लादेश के बीच बातचीत का प्रमुख माध्यम दोनों देशों के आर्मी चीफ रहे। इंडियन आर्मी चीफ जनरल उपेंद्र द्विवेदी के अनुसार, उनका नियमित संवाद बांग्लादेशी समकक्षों के साथ चलता रहता है ताकि किसी भी तरह की गलतफहमी या मिसकम्युनिकेशन से बचा जा सके।

भविष्य में रक्षा सहयोग और सुदृढ़
‘फ्रेंड्स फॉर लाइफ’ पहल से भारतीय सेना की अंतरराष्ट्रीय सैन्य कूटनीति और मजबूत होगी। यह मंच प्रशिक्षण, अनुभव साझा करने और संकट प्रबंधन में सहयोग के नए अवसर खोलेगा, जिससे भारत के रक्षा संबंध और स्थिर होंगे।

This slideshow requires JavaScript.

Leave a Reply

This slideshow requires JavaScript.